टोल टैक्स से बचने के लिए बन गया CID का अफसर फर्जी आईडी कार्ड दिखाकर धौंस दिखाने वाले फर्जी अफसर खायेंगे अब जेल की हवा
स्वयं को CID अधिकारी बताकर लोगों पर जमा रहा था धौंस
रिपोर्टर: सूरज साहू धमतरी

छत्तीसगढ़ के धमतरी में एक शख्स की ऐसी चालाकी सामने आई है, जिसे सुनकर आप भी हैरान रह जाएंगे। टोल टैक्स से बचने और लोगों पर रौब जमाने के लिए युवक ने खुद को CID अधिकारी बना लिया। गाड़ी में नेम प्लेट और संगठन का लोगो लगाकर सड़कों पर घूमता रहा और खुद को जांच एजेंसी का अफसर बताकर धौंस दिखाता रहा।
मामले की भनक लगते ही पुलिस ने जांच शुरू की और जो खुलासा हुआ, उसने सबको चौंका दिया। धमतरी पुलिस ने फर्जी CID अधिकारी बनकर घूम रहे शातिर युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर जिले में असामाजिक तत्वों के खिलाफ सतत निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 21 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली कि आमातालाब रोड स्थित श्रद्धा वेल्डिंग दुकान के पास एक स्कार्पियो वाहन क्रमांक CG 05 AU 6136 में “NATIONAL CRIME CONTROL ORG.” का लोगो और “VICE PRESIDENT C.G. NATIONAL CRIME CONTROL ORG. ALL INDIA” लिखी प्लेट लगाकर एक व्यक्ति खड़ा है और स्वयं को CID अधिकारी बताकर लोगों पर धौंस जमा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और विधिवत जांच की। वाहन के डैशबोर्ड पर संगठन का लोगो और पदनाम प्रदर्शित बोर्ड मिला। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम टिकेश्वर नरेटी, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम डांगरा, थाना दुर्गकोंदल, जिला उत्तर बस्तर कांकेर बताया।
आरोपी के पास से दो आईडी कार्ड मिले, जिन पर “CRIME INVESTIGATION DEPARTMENT” और “CRIME INVESTIGATION DETECTIVE” अंकित था और स्वयं को “National Officer” दर्शाया गया था। वैधानिक दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई नियुक्ति पत्र या अधिकृत आदेश प्रस्तुत नहीं कर सका।
पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि सितंबर 2025 में उसने फर्जी आईडी कार्ड बनवाए थे और समय-समय पर ऑनलाइन भुगतान कर उनकी वैधता बढ़ाता था। इन कार्डों और बोर्ड का इस्तेमाल वह टोल टैक्स से बचने और अन्य जगहों पर प्रभाव जमाने के लिए करता था।
बरामदगी
जांच के दौरान आरोपी के कब्जे से—
02 फर्जी आईडी कार्ड
“NATIONAL CRIME CONTROL ORG.” लिखा बोर्ड
महिन्द्रा स्कार्पियो वाहन CG 05 AU 6136
iPhone 11 Pro (जियो सिम सहित)
सैमसंग M12 मोबाइल (जियो एवं बीएसएनएल सिम सहित)
को गवाहों के समक्ष जप्त किया गया।
प्रथम दृष्टया आरोपी द्वारा फर्जी पहचान बनाकर स्वयं को सरकारी/जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर आमजन को भ्रमित करना और अवैध लाभ लेने का प्रयास करना पाया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 66/2026 धारा 204, 205, 336(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अपील
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति स्वयं को शासकीय अधिकारी बताकर धौंस दिखाता है या संदेहास्पद गतिविधि करता है, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। कानून का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।