भिलाई में आज सुबह दो जगह चेन स्नेचिंग, बुजुर्ग महिलाएं बनीं निशाना; जांच में जुटी पुलिस
सुपेला और भट्टी में सनसनी: 11 मिनट के भीतर दो वारदात, पुलिस अलर्ट

* भिलाई में सुबह-सुबह दो जगह चेन स्नेचिंग, बुजुर्ग महिलाएं बनीं निशाना; पुलिस ने शुरू की सघन जांच…
* प्रियदर्शनी परिसर से सेक्टर-1 तक चेन स्नेचरों का आतंक, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस…
* मिर्ची पाउडर फेंककर छीनी चेन, दूसरी वारदात में एक्टिवा सवार बदमाशों ने किया हमला…
भिलाई, : 31 जुलाई। भिलाई शहर में शुक्रवार सुबह चेन स्नेचिंग की दो अलग-अलग घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। सुपेला और भट्टी थाना क्षेत्र में हुई इन वारदातों में दो बुजुर्ग महिलाएं बदमाशों का निशाना बनीं। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पहली घटना सुपेला थाना क्षेत्र के प्रियदर्शनी परिसर स्थित भाजपा कार्यालय के समीप सुबह करीब छह बजे हुई। मॉर्निंग वॉक पर निकली एक बुजुर्ग महिला के पास एक्टिवा सवार दो युवक पहुंचे। चालक ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि पीछे बैठे युवक ने चेहरा नकाब से ढका हुआ था। बदमाशों ने महिला के गले से करीब तीन तोले की सोने की चेन झपटने का प्रयास किया। इस दौरान चेन टूटकर घटनास्थल पर ही गिर गई, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया। आरोपी मौके से फरार हो गए।
दूसरी वारदात भट्टी थाना क्षेत्र के सेक्टर-1, सड़क-2 में सुबह करीब 6:11 बजे हुई। यहां फूल तोड़ रही एक बुजुर्ग महिला पर पहले मिर्ची पाउडर फेंका गया। इसके बाद साड़ी पहने एक महिला ने उनके गले से सोने की चेन खींच ली और पास में मोटरसाइकिल पर इंतजार कर रहे साथी के साथ फरार हो गई।
संस्कारधानी की बेटी कनिष्का पटेल को उत्तरप्रदेश में मिला राष्ट्रीय पुरुष्कार
घटनाओं की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल, भिलाई नगर सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी, सुपेला थाना प्रभारी निरीक्षक शिवनारायण सिंह तथा क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीड़ित महिलाओं से पूछताछ की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों मामलों में आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। शहर में गश्त बढ़ाने के साथ ही संदिग्ध वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी गई है।
लगातार सामने आ रही चेन स्नेचिंग की घटनाओं से शहर, विशेषकर महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों में भय का माहौल व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से शीघ्र आरोपियों की गिरफ्तारी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
